नवगछिया : 14 नंबर सड़क पर बाइक से आए तीन बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम परबत्ता थाना क्षेत्र के 14 नंबर सड़क पर जमुनिया गांव के पास सोमवार की रात करीब 11 बजे हथियारबंद अपराधियों ने बाइक सवार युवक से 35 हजार रुपए व मोबाइल लूट लिए। पीड़ित युवक बिहपुर के नरकटिया गांव निवासी राजीव पासवान ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
Total Downloads: 382
पुलिस को दिए आवेदन में राजीव ने कहा है कि वह किशनगंज डीटीओ कार्यालय में डाटा ऑपरेटर है। सोमवार को वह बाइक से घर लौट रहा था। इसी बीच घटनास्थल के पास एक ही बाइक पर तीन अपराधी आए और ओवरटेक कर मेरी बाइक रोकी। इसके बाद एक अपराधी ने मेरे कनपटी में हथियार सटा दिया और कहा कि पास में जो कुछ भी है दे दो।

दूसरे अपराधी ने जबरन मेरी जेब से 35 हजार रुपए और मोबाइल छीन लिया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी बाइक पर सवार होकर वहां से फरार हो गए। परबत्ता थाना अध्यक्ष रामचंद्र यादव ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

