बिहपुर : दयालपुर गांव के समीप बगड़ी रेल ओवरब्रिज एनएच 31 पर बाइक सवार दो बदमाशों ने औलियाबाद वार्ड नंबर सात निवासी पिंटू सिंह जुगाड़ ठेला चालक से हथियार के बल पर 1.55 लाख रुपये लूट लिये। घटना शनिवार की सुबह करीब आठ बजे की बतायी जाती है।
Total Downloads: 171
ठेला चालक औलियाबाद से किराना दुकान का सामान खरीक बाजार के दुकानदार मंटू कुमार को पहुंचाकर और रुपये लेकर लौट रहा था। इस दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछा कर हथियार का भय दिखाकर ठेला चालक को रोककर रुपया लूट लिया। ठेला पर चालक के पिता लड्डू सिंह भी मौजूद थे। उसके बाद बदमाशों ने गोली चला दी। ठेला चालक ने झुककर अपनी जान बचाई।

लेकिन गोली के बारूद से चालक का चेहरा और कंधा जख्मी हो गया। बदमाश भागने में सफल रहे। घटना के बाद दोनों बाप-बेटे ने थाने आकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर झंडापुर ओपी प्रभारी भूपेंद्र कुमार व दारोगा पवन सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।

