बिहपुर। हरिओ कोसी त्रिमुहान घाट से एनएच 31 तक एनएच 106 के दोनों किनारे अवैध रूप से अतिक्रमण कर झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रह रहे लोगों को सड़क अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए शुक्रवार को माइकिंग करायी गयी। बिहपुर सीओ बलिराम प्रसाद ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को 48 घंटे का समय दिया गया है। अगर वे तय समय सीमा में सड़क अतिक्रमणमुक्त नहीं करेंगे तो बलपूर्वक झोपड़ी को हटा दिया जाएगा। झोपड़ी हटाने में जो खर्च आयेगा वह भी इन्हीं लोगों से वसूला जाएगा।
ज्ञात हो कि हरिओ पंचायत के महादलित गांव गोविंदपुर के कोसी में समा जाने के बाद गांव के लोग सड़क एवं बांध किनारे रहने को विवश हैं। एनएच 106 किनारे करीब 80 से अधिक परिवार झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रहे हैं। इनलोगों को प्रशासन द्वारा बार-बार आश्वासन के बावजूद अभीतक कोई जमीन मुहैया नहीं करायी जा सकी है।


चूंकि एनएच 106 मिसिंग लिंक 30 किमी (बिहपुर से वीरपुर) सड़क एवं पुल का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। जिसके लिये इस सड़क का अतिक्रमणमुक्त होना बेहद जरूरी है लेकिन गोविंदपुरवासी जाएं तो जाएं कहां। लोग सड़क खाली करने के नोटिस एवं माइकिंग से खासे परेशान दिख रहे है।

