नवगछिया : नवगछिया थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास मध्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने रविवार को देर रात एक ट्रक से 400 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद किया है. पुलिस ने मौके से ही ट्रक के चालक दिल्ली के साहदरा निवासी अजीत कुमार और सहचालक रविंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. देर रात नवगछिया थाने में बरामद शराब के बोतलों की गिनती की जा रही थी. पदाधिकारियों ने अनुमान व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रक में करीब चार हजार लीटर अंग्रेजी शराब है. बरामद शराब पर्ल ब्लू ब्रांड का है. उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के दारोगा चंदन कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि पक्के तौर पर शक में कितना शराब है यह गिनती के बाद ही पता चलेगा.
सोमवार को अहले सुबह तक शराब की गिनती कर लिए जाने की उम्मीद है. दारोगा चंदन कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि उन लोगों को गुप्त सूचना मिली थी कि नवगछिया के रास्ते से शराब की एक बड़ी खेप बेगूसराय जा रही है. गुप्त सूचना के मद्देनजर उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की टीम ने रविवार को देर रात टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग शुरू कर दिया था. शुरुआती दौर में ट्रक चालक ने उत्पाद विभाग की टीम को बताया कि उसके ट्रक में भूसे की बारी लोड है.


जब टीम ने ट्रक की चेकिंग की तो पता चला कि वाकई ट्रक पर भूसे से भरी बोरियों को लोड किया गया है. लेकिन उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना थी कि झारखंड के नंबर वाली ट्रक पर शराब लोड है और उक्त ट्रक का नंबर भी झारखंड का ही था. इसलिए टीम के सदस्यों ने उसे की बोरियों को उतारना शुरू किया तो सबों की आंखें फटी रह गई और ट्रक पर भूसे के बोरियों के बीच 400 कार्टन अंग्रेजी शराब की बरामदगी की गई.
हालांकि चालक ने उत्पाद विभाग की टीम को बरगलाने के लिए यह बताया था कि वह दूसरे को लेकर सिवान जा रहा है लेकिन जब शराब की बरामदगी होने के बाद सख्ती से पूछताछ की गई तो पता चला कि ट्रक पर लोड शराब बेगूसराय में किसी ढाबे पर उतारने की प्लानिंग की गई थी. दारोगा चंदन कुमार ने बताया कि शराब की बरामदगी होने के बाद मामले की सूचना नवगछिया पुलिस को दी गई फिर नवगछिया थाना पुलिस की मदद से शराब को थाने पर लाया गया. छापेमारी अभियान में दारोगा चंदन कुमार, नीतीश कुमार, सिपाही गौतम, दिवाकर, प्रमोद पासवान समेत सैफ एवं रक्षा वाहिनी के सदस्य भी शामिल थे.

