नगर परिषद के वार्ड 23 में नाला की सफाई नहीं होने के कारण रोड पर पानी बह रहा है। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। एनएच 31 से सटे इस वार्ड के लोगों को आवागमन के लिए के लिए यह एक मात्र सड़क है। घर से एनएच आने के लिए उन्हें गंदे पानी के रास्ते गुजारना पड़ता है। करीब से 65 घर आसपास बने हुए हैं इन सभी का यह मुख्य रास्ता है। सड़क के किनारे नाली का निर्माण तो किया गया है मगर उसमें जमा होने वाली गंदगी को नहीं निकाला जाता है।
जिससे पानी ओवरफ्लो कर अब सड़क पर बह रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पास में ही एक बड़ा सा गड्ढा है और बनाया गया सड़क उस गड्ढे से नीचे लेवल का है जिसके कारण हल्की बारिश में भी गड्ढे का पानी भी सड़क पर ही आ जाता है। कई बार इसको लेकर प्रशासन और वार्ड पार्षद को भी कहा गया मगर समस्या का निदान नहीं हुआ। आलम यह है कि स्कूल आने जाने वाले बच्चों सहित रेलवे स्टेशन और घर से एनएच 31 पर भी जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पानी जमा होने से बीमारी फैलने की आशंका है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। पानी से दुर्गंध भी आने लगी है। लेकिन अब तक ना तो यहां ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया है और ना ही पानी की निकासी की व्यवस्था। वार्ड 23 के पर्षद मदन शर्मा ने कहा कि उस जगह पानी निकासी का कोई विकल्प नहीं है। बगल में गड्ढा ओवरफ्लो होने से भी सड़क पर पानी जमा हो जाता है। बरसात में एनएच किनारे की जमीन नीची होने के कारण भी पानी रोड पर आता है। लोगों को दिक्कत हो रही है। इसका निदान किया जाएगा।

