नवगछिया। गोपालपुर और इस्माईलपुर प्रखंड में पंचायत चुनाव संपन्न होने के साथ ही अटकलों का दौर शुरू हो गया है। मतदान को लेकर जीत हार की दिनभर चर्चा होती रही। इस बार पुनः जदयू के चर्चित विधायक गोपाल मंडल की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।
इस्माईलपुर से उनकी पत्नी सविता देवी प्रत्याशी हैं। वर्ष 2016 में भी जिला परिषद पद के उम्मीदवार विधायक की पत्नी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी विपिन मंडल से पराजित हुई थीं।
गोपालपुर प्रखंड में नवगछिया के पूर्व प्रखंड प्रमुख मंकेश्वर सिंह उर्फ मंटू प्रमुख जो इस बार गोपालपुर प्रखंड के डुमरिया चपरघट पंचायत से मुखिया पद पर अपना किस्मत आजमा रहे हैं। इस्माईलपुर व गोपालपुर के निवर्तमान जिला पार्षद, प्रखंड प्रमुखों सहित निवर्तमान मुखिया की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।


