मास्क चेकिंग के दौरान शनिवार दोपहर में मधुरापुर बाजार के हनुमान मंदिर के पास भवानीपुर पुलिस ने एक ई-रिक्शा ड्राइवर के साथ मारपीट की। ड्राइवर ने मास्क नहीं पहना था। चेकिंग करने वाली पुलिस ने फाइन मांगा तो उसने बहस कर दी। इस पर गुस्साए पुलिसवालों ने ड्राइवर राणा कुमार उर्फ मन्ना की बीच बाजार में पिटाई कर दी। वह गौरीपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस की पिटाई में ड्राइवर बेहोश हो गया। उसे परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया है। ड्राइवर ने मारपीट का आरोप भवानीपुर थानेदार रमेश कुमार पर लगाया है। ड्राइवर ने बताया कि वह सवारी लेकर जा रहा था। इसी दौरान मधुरापुर बाजार में थानेदार ने रोका और मास्क नहीं पहनने का दो हजार रुपए फाइन मांगा। इस पर ड्राइवर ने पुलिस से बहस शुरू कर दी। वह 100 रुपए फाइन देने को तैयार था, लेकिन पुलिस ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। पुलिसवाले कहने लगे कि अब तो दो हजार फाइन देना होगा। ड्राइवर का कहना है कि मारपीट में उसे अंदरूनी चोट आई है। पैर में चोट लगने के कारण उसे चलने पर परेशानी हो रही है।
Total Downloads: 101
पुलिस की पिटाई से बिहपुर के इंजीनियर समेत दो की हो चुकी है मौत
खरीक | नवगछिया पुलिस की पिटाई से बिहपुर के इंजीनियर सहित दो लोगों की मौत हो चुकी है। 24 अक्टूबर, 2020 को वाहन चेकिंग के दौरान बहस होने पर मड़वा निवासी इंजीनियर आशुतोष पाठक (24) को बिहपुर पुलिस ने हाजत में नंगा कर इतना पीटा था कि दूसरे दिन इलाज के दौरान मायागंज अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी। मामले का मुख्य आरोपी बिहपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष रणजीत कुमार मंडल अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। हालांकि पुलिस फरार थानेदार के घर की कुर्की-जब्ती चुकी है। रणजीत मंडल काे फरार घोषित किया जा चुका है।
मारपीट का आरोप निराधार, मास्क नहीं पहनने का फाइन मांगा था : भवानीपुर थानेदार
भवानीपुर थानेदार रमेश कुमार ने मारपीट के आरोप को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि मास्क नहीं पहनने पर ड्राइवर से 50 रुपए फाइन मांगा गया था। दो हजार मांगने का आरोप गलत है। उसे फाइन देने को कहा गया। इतने में पीछे से एक दाढ़ी वाला व्यक्ति आया और पुलिसवालों से उलझ गया। कहने लगा कि आपलोग जबरन पैसा लेते हैं। पुलिसवालों का वीडियो बनाकर वायरल करेंगे। उसने वर्दी तक उतरवाने की धमकी दी। पुलिस ने ई-रिक्शा के ड्राइवर के साथ मारपीट नहीं की। बल्कि उसने पुलिस के काम में बाधा पैदा की और खुद अपना सिर पुलिस की गाड़ी पर पटकने लगा। जिससे वह बेहोश हाे गया।

