03 03 sanjeev 23011711 1646347921 1646347921 jpg 75

भागलपुर, काजवलीचक मोहल्ले में गुरुवार रात 11.35 बजे बम विस्फोट से शहरी इलाका थर्रा गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि तातारपुर चौक और घंटाघर के आसपास तक लोग घर से बाहर निकल आए। घटना के एक घंटे के बाद तक बारूद की गंध पूरे शहरी इलाके में फैलती रही।

तातारपुर चौक के पास दोनों ओर के घरों की महिलाएं व बच्चे बाहर निकल आए। महिला आफरीन, शमीमा आदि ने बताया कि आवाज इतनी तीव्र थी कि खिड़कियां खटखटाने लगीं। ऐसा लगा किसी ने खिड़कियां खटखटाई हैं। हमलोग घर से बाहर आए तो देखा आसपास के लोग भी बाहर निकल आए। सराय, रामसर चौक, विक्रमशिला कॉलोनी आदि मोहल्ले में भी लोग जग गए।

खलीफाबाग के समीप रहने वाले व्यापारी गोपाल खेत्रीवाल ने सोशल मीडिया ग्रुप पर पूछा क्या अभी भूकंप आया। इसी तरह शहर के कई सोशल मीडिया पर भी विस्फोट और भूकंप के कयास को लेकर लोगों ने पोस्ट किए। विस्फोट के करीब 25 मिनट बाद मौके पर आए मोजाहिदपुर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया बारूद की गंध स्टेशन चौक के पास तक महसूस किया गया। गणेश को अस्पताल ले जाने वाले एंबुलेंस चालक ने बताया कि घंटाघर तक बारूद की गंध आ रही थी।

काजवलीचक, रामसर, विक्रमशिला कॉलोनी, उर्दू बाजार, लहेरी टोला, ततारपुर चौक, डीएन सिंह रोड, स्टेशन चौक, लालकोठी के रहने वाले अधिकांश घरों के लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे थे। तातारपुर के अजहर अख्तर शकील ने कहा कि बेड पर सोने के लिए गया ही था कि धमाके की आवाज सुनायी दी। लगा घर के बगल में किसी ने धमाका किया है। जब आसपास के लोगों को भागते देखा तो पता चला कि काजवलीचक में धमाका हुआ है। लहेरी टोला के प्रीतम ने बताया कि वह घंटेभर पहले ही काजवलीचक की तरफ से घर आया था। इस धमाके ने पूरी तरह से हिलाकर रख दिया है।

बारूद की गंध से लगा कि धमाका हुआ

लहेरी टोला के सुविज्ञ, तातारपुर के मो. शकील और विनय ने बताया कि धमाके के साथ-साथ बारूद की गंध भी आसपास के इलाके में तेजी से फैल गया। इसके बाद लगा कि यह बम का धमाका है। पहले तो लोग जाने से डर रहे थे। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय युवाओं ने कहा कि यह धमाका अगर सात से आठ बजे के बीच होता तो फिर संभाल पाना मुश्किल था। उस दौरान सड़क पर सैकड़ों की आबादी आती-जाती रहती है।

बांस और खंती की मदद से निकाला

धमाका के साथ ही पहुंचे स्थानीय लोगों ने तीन लोगों को मलबे से निकाला। स्थानीय लोगों ने बांस और खंती की मदद से जैसे-तैसे निकाला। वहीं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पुलिस के वरीय अधिकारी से लेकर स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम के अधिकारियों को सूचना देकर सारी व्यवस्था की। इस बीच स्थानीय टोटो चालकों की मदद से घायलों को सदर अस्पताल तक पहुंचाया गया। रामसर की सड़क पर काम कर रहे मजदूरों ने भी धमाके की आवाज सुनकर वहां पर पहुंचे और लोगों को बचाने में मदद की।

सोशल साइट पर तेजी से फैली धमाके की खबर

इस घटना के साथ ही विक्रमशिला कॉलोनी में रहने वाले मृणाल शेखर ने फेसबुक पर अपडेट किया। उन्होंने पहले भूकंप और फिर बम धमाके की आवाज की जानकारी दी। इसी तरह उत्तम झुनझुनवाला ने भी फेसबुक पर घटना को अपडेट किया। देखते-देखते फेसबुक, सोशल मीडिया और भागलपुर के विभिन्न व्वाट्सएप ग्रुप पर इसकी खबर तेजी से चलने लगा था। प्रीति शेखर ने घटना स्थल पर पहुंचकर वरीय अधिकारियों को आसपास की जानकारी दी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *