संदिग्ध परिस्थिति में आखों की रोशनी गंवाने वाले छह लोगों की डायलिसिस मायागंज में कराई जा रही है। इनमें साहेबगंज के अभिषेक उर्फ छोटू और अरविंद के अलावा बांका के राजेश और रश्मि रंजन, मुंगेर के असरगंज के रहने वाले प्रेम कुमार और खगड़िया के सोनू कुमार शामिल हैं। इनमें अभिषेक और रश्मि रंजन की दो बार डायलिसिस की जा चुकी है।
Total Downloads: 102
अभिषेक के खून का सैंपल भी लिया गया है, ताकि जांच में पता चल सके कि उसके खून में अल्कोहल था या नहीं। उन सभी की आंखों की जांच डॉ. पम्मी राय ने की। अस्पताल अधीक्षक डॉ. एके दास ने बताया कि उल्टी, पेट दर्द और आंखों की रोशनी जाने की शिकायत पर उन सभी की डायलिसिस कराई जा रही है। उनका कहना है कि अभिषेक उर्फ छोटू की आंखों की रोशनी वापस लौट रही है पर अन्य की रोशनी वापस आएगी या नहीं, इसपर कुछ नहीं कहा जा सकता।
मिथुन के चाचा ने कहा, पुलिस ने लिखवा लिया कि भतीजे ने शराब नहीं पी थी
साहेबगंज के रहने वाले मिथुन की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद उसके चाचा रामविलास यादव ने रविवार को बताया था कि उसके भतीजे की मौत होली में शराब पीने की वजह से हुई। उन्होंने बताया था कि शराब पीने की वजह से उनके भतीजे को उल्टी, पेट दर्द की शिकायत हुई थी और निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। सोमवार को रामविलास यादव ने बताया कि उन्हें विवि थाना बुलाया गया था और उनसे लिखवा लिया गया कि उनके भतीजे ने शराब नहीं पी थी।

उनका कहना है कि पुलिस ने लिखवाया कि उनके भतीजे की तबीयत कुछ खाने की वजह से बिगड़ी थी। मिथुन के चाचा से जबरन इस तरह की बात लिखवाने के मामले में विवि थानाध्यक्ष रीता कुमारी ने कहा कि उनसे कुछ भी जबरदस्ती नहीं लिखवाया गया है। उनका कहना है कि थाना पर उन्हें बयान देने के लिए बुलाया गया था और उन्होंने अपनी मर्जी से ही बयान दिया है।
