नवगछिया । गोपालपुर और इस्माईलपुर प्रखंड के सीमावर्ती इलाके में गंगा किनारे कटावरोधी कार्य करा रहे निर्माण कंपनी के चालक और कर्मियों को बंधक बनाकर हथियाबंद अपराधियों ने रंगदारी मांगी। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। अपराधियों ने कर्मियों से मोबाइल और अन्य सामान भी छीन लिए। घटना से पोकलेन जेसीबी और ट्रैक्टर चालक सहित अन्य कर्मियों में दहशत है।

सूचना पर गुरुवार को कटिहार के मुख्य अभियंता इंजीनियर अनिल कुमार, भागलपुर के अधीक्षण अभियंता शशिकांत सिन्हा, नवगछिया के कार्यपालक अभियंता दिनेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने कार्य करा रहे लोगों से जानकारी ली। उन्होंने तत्काल इस्माईलपुर पुलिस को सूचना देकर विशेष सुरक्षा दिलाने की मांग की। कहा कि यहां पर पिछले वर्ष कटे हिस्से पर मिट्टी वर्क चल रहा है। 15 जून से पहले यहां पर कार्य पूरा करना है। इन जगहों पर दिन-रात काम चल रहा है। इसलिए सुरक्षा जरूरी है। अधीक्षण अभियंता शशिकांत सिन्हा ने बताया कि जिन-जिन कटाव स्थलों पर कार्य हो रहा है, वहां पर भी अपराधियों का तांडव हो रहा है। इस कारण कार्य बाधित भी हो रहा है, जबकि दियारा में अपराधियों के तांडव को लेकर के पुलिस प्रशासन को कई बार सूचना दी गई है।

संवेदक बबलू सिंह ने बताया कि हमलोग सिंधुजा कंस्ट्रक्शन का कार्य यहां पर करा रहे हैं। अचानक ही कुछ अपराधी हथियारों से लैश होकर पहुंचे और रंगदारी मांगने लगे। साथ ही चालक एवं मैनेजर मुंशी के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद दहशत के कारण रात में कार्य नहीं हो पाता है। इस्माईलपुर थानाध्यक्ष मनी पासवान ने बताया कि यहां पर हमलोगों को कोई सूचना नहीं मिली है। अगर घटना हुई है तो लिखित आवेदन मिलने पर हमलोग कार्वावाई करेंगे। मालूम हो कि इस्माईलपुर से बिंद टोली में गंगा कटाव से बचाव के लिए करीब 20 करोड़ की लागत से कटावरोधी कार्य चल रहा है। कटाव वाले हिस्से को भरने का और पत्थर स्लोपिंग का कार्य हो रहा है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *