बिहपुर थाना क्षेत्र के सोनवर्षा वार्ड नंबर 15 के महादलित टोला में एक परिवार के लिए गुरुवार की सुबह काली साबित हुई। एक ही कमरे में सोए पति-पत्नी व तीन से छह साल के तीन मासूम बच्चे गुरुवार की सुबह में खून से लथपथ मिले। आनन-फानन में घायलों को पहले बिहपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां तीन साल के बच्चे को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया और बाकी बचे लोगों को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान एक और बच्चे की मौत हो गई। पांच साल के मासूम बच्चे को बचाया नहीं जा सका। वहीं पति-पत्नी व एक मासूम बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस अधिकारी व स्थानीय पुलिस पहुंचे, लेकिन घायलों के बेहोश होने के कारण घटना के बारे में जानकारी नहीं ले सके।
Total Downloads: 85
बड़ा भाई जगाने पहुंचा तब हुई लोगों को हादसे की जानकारी
महादलित टोला निवासी 35 वर्षीय भूपेंद्र दास अपनी 32 वर्षीय पत्नी आरती देवी, तीन वर्षीय बेटा बालवीर कुमार, पांच वर्षीय बेटा साजन कुमार व छह साल की बेटी अर्णिका कुमारी के साथ अपने कमरे में सोने गया। रोजाना की तरह कोई नहीं जगा तो भूपेंद्र को जगाने के लिए उनका भाई रमेश कुमार कमरे की तरफ गया। कमरे का नजारा देखकर सन्न रह गया। कमरे में भाई भूपेंद्र व उसकी पत्नी, दो बेटे व एक बेटी खून से लथपथ बेहोश पड़े थे।
सूचना मिलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। लोगों ने इस घटना की जानकारी बिहपुर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह को दी। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए बिहपुर सीएचसी भेजा। जहां तीन वर्षीय घायल मासूम बालबीर कुमार की मौत सीएचसी लाने से पूर्व हो चुकी थी। घायलों को सीएचसी से उपचार के बाद मायागंज रेफर कर दिया गया, जहां चारों को इमरजेंसी के सर्जरी वार्ड में भर्ती कराया गया। गुरुवार की शाम करीब साढ़े चार बजे घायलों में से एक और बच्चा साजन कुमार (पांच वर्ष) ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

बड़ा लड़का दादी के साथ दूसरे मकान में रहता है
भूपेंद्र का भाई रमेश , मां साबो देवी और बड़ा लड़का आर्यन दूसरे घर में रहते हैं। परिजनों ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया। रमेश ने बताया कि उसके भाई की किसी से रंजिश नहीं थी। घटना कैसे हुई नहीं पता। कोई भी कुछ खुलकर नहीं बोल रहा है। हालांकि सवाल उठ रहे हैं कि सघन आबादी होने के बाद किसी को कुछ कैसे नहीं पता चला। कुछ लोग दबी जुबान में पति-पत्नी में हमेशा झगड़ा होने की चर्चा कर रहे थे। इसी झगड़े के कारण बड़ा लड़का आर्यन अपने दादी के साथ दूसरे घर में रहता था।
एसडीपीओ दिलीप कुमार, इंस्पेक्टर विनय कुमार और बिहपुर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने घटनास्थल पर पहुंच पड़ताल की। घायल भूपेंद्र दास की मां साबो देवी से जानकारी ली। वहीं शाम में नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज भी घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी हासिल की।
एफएसएल की टीम ने जांच के लिए नमूने किए एकत्र
एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और जांच के सैंपल भी लिए। इस दौरान खूना लगा अधा टूटा ईंट, पिलास व मूसल भी पुलिस को मिला। एफएसएल की टीम बिछावन और अन्य जगहों से जांच के लिये खून के नमूने इकत्रित किये। इस घटना के बाबत एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि घटना के कारणों का खुलासा घायल के होश में आने के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी बिंदुओं पर नजर रख पड़ताल कर रही है।
