भागलपुर जिलान्तर्गत परियोजना लोकमानपुर पंचायत को विजय घाट पुल से जोड़ने के लिए उच्च स्तरीय आरसीसी पुल और पहुंच पथ निर्माण के लिए दो अंचल की 18.6125 एकड़ जमीन अर्जित की जाएगी। मंगलवार को अर्जन योग्य भूमि की आरंभिक अधिसूचना प्रकाशन की स्वीकृति जिलाधिकारी स्तर से दी गई है।
इसको लेकर डीएम ने इस परियोजना के भू-अर्जन के लिए आवश्यक सूचनाएं समाचार पत्र में प्रकाशित कराकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। परियोजना के तहत नवगछिया अंचल के मौजा प्रताप नगर थाना नं. 124 और खरीक अंचल के मौजा लोकमानपुर थाना नं. 29 अंतर्गत कुल 18.6125 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जाएगी।
डीएम ने कहा कि विजयघाट पहुंच पथ से लोकमानपुर जाने वाली सड़क में कोसी नदी पर पुल व पहुंच पथ निर्माण कार्य के उपयोग के लिए रैयती भूमि का जल्द अधिग्रहण किया जाएगा। उन्होंने नवगछिया के एसडीओ और डीसीएलआर को निर्माण कार्य में आवश्यक प्रशासनिक सहयोग करने का निदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यहां पर 405 मीटर लम्बा पुल सहित 4.62 किमी लम्बाई में पहुंच पथ का निर्माण किया जाना है।

डीएम ने कहा कि मार्च 2023 तक कैम्प लगाकर सभी रैयतों के मुआवजे का भुगतान कर दिया जायेगा। उन्होंने संबंधित रैयतों से जनहित के कार्य में सहयोग की अपील की है। डीएम ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के भागलपुर स्थित वरीय परियोजना अभियंता को को तेजी से कार्य कराने के निर्देश दिए।
इस पर वरीय परियोजना अभियंता ने आश्वस्त किया है कि उक्त कार्य निर्धारित अवधि में पूर्ण कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने रैयतों से भी अपील की है कि निर्माण कार्य में एजेंसी को आवश्यक सहयोग करें। ताकि जून 2023 से पहले पुल निर्माण सहित पहुंच पथ कार्य समाप्त हो सके।
