नवगछिया । नवगछिया थाना के एनएच 31 पर लक्ष्मीपुर चौक के पास सैकड़ों लोगों के सामने दिन दहाड़े बाइक सवार तीन अपराधियों ने युवक की हत्या कर दी। अपराधियों ने युवक के सीने के अलावा हाथ में गोली मारी। गोली लगने के बाद घायल युवक जान बचाने के लिये काफी दूर तक दौड़ा और फिर गिर गया। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना का कारण दो दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद बताया जा रहा है। वहीं मृतक पर उसकी पत्नी ने भी दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया था।
गोसाईं गांव निवासी राजाराम यादव (30 वर्ष) पिता दुखो यादव ऑटो चालक था। घटना के समय वह ऑटो लगाकर सवारियों का का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उसे गोली मारी और फिर लक्ष्मीपुर रोड की ओर भाग गए। घटना के बाद लक्ष्मीपुर चौक पर अफरातफरी मच गई लोग दुकान बंद कर इधर उधर भागने लगे। घटना के बाद अनुमण्डल अस्पताल में मृतक के परिजनों के अलावा स्थानीय लोगों भीड़ उमड़ पड़ी।
दोस्त ने पुराने विवाद में गोली मारी
मृतक मां बिजली देवी और पिता दुखो यादव ने रोते हुए बताया कि उसके पुत्र राजा की हत्या उसके नयाटोला निवासी उसके दोस्त ने की है। उन्होंने बताया कि दिसम्बर 2021 में मेरा बेटा दोस्तों के साथ कहीं भोज खाने गया था। वहां से लौटने के दौरान नवगछिया प्रखंड कार्यालय के पास नवगछिया पुलिस ने उसके दोस्त को हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। जिसमें वह जेल गया था। उसी समय से उसका दोस्त राजाराम पर पुलिस से पकड़वाने का आरोप लगा रहा था। आरोपी पांच माह पूर्व जेल से छूटा था। मृतक की मां ने बताया कि दस दिन उसने मेरे बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी। मेरा बेटा बार-बार कह रहा था कि उसका दोस्त उसे मार देगा।

मृतक का पत्नी से चल रहा था विवाद :
मृतक की पत्नी से विवाद चल रहा है। मृतक की मां अपनी बहू पर आरोप लगा रही थी कि मेरे बेटे को मरवा दिया। उसने बताया कि उसके बेटे राजाराम की शादी वर्ष 2013 में पूर्व सेमापुर के कांवर कोठी में हुई थी। पुत्र वधू पर आरोप लगाया कि वह छह बार घर छोड़कर गई इसीलिए मेरा बेटा उसे लाने नहीं जाता था। उसने हमलोगों पर दहेज का केस कर दिया। वह बार-बार धमकी देती थी। मृतक को एक पुत्र और पुत्री है।
हो बेटा, खिचड़ी खायले कहलियौ नै खैलो
मृतक के शव पर उसकी मां बिजली देवी दहाड़ मारकर रो रही थी। वह कह रही थी कि हो बेटा केकरा ले जीबै। खिचड़ी खाय ले कहै रहियो नै खैलो भूखले चलो गेलौ हो बेटा। इतना कहकर वह बार-बार बेहोश हो रही थी जिसे होश में लाया जा रहा था। एसडीपीओ दिलीप कुमार, थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर भारत भूषण ने मृतक की मां और पिता से घटना की जानकारी ली।
एसडीपीओ दिलीप कुमार ने कहा कि मृतक का दोस्त एक बार हथियार के साथ पकड़ाया था। उसे शक था कि मृतक ने ही उसे पकड़वाया था। परिजनों का कहना है कि इसीलिए उसने घटना को अंजाम दिया है। उसकी गिरप्तारी के लिए छपेमारी की जा रही है।

