नवगछिया । नगर परिषद चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बलों की तैनाती की गई है। किसी भी परिस्थिति में चुनाव में गड़बड़ी करने नहीं दी जाएगी। इसके लिए एसपी प्रशांत कुमार सरोज और एसडीपीओ दिलीप कुमार द्वारा निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए पुलिस पदाधिकारियों के छह लेयर बनाए गए हैं। एसपी ने कहा कि चुनाव निष्पक्ष भयमुक्त वातावरण में होगा। किसी को भी गड़बड़ी करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। मतदाता निर्भीक होकर मतदान करने के लिए जाएं और मतदान करें।
एसडीपीओ ने बताया कि पहले लेयर में स्टैटिक पदाधिकारी रहेंगे। दूसरे लेयर में पेट्रोलिंग पदाधिकारी, तीसरे में सेक्टर पदाधिकारी, चौथे लेयर में जोनल पदाधिकारी, पांचवें लेयर में सुपर जोनल रहेंगे और छठे लेयर में स्पेशल पुलिस पदाधिकारियों की टीम डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में रहेगी।
100 जवानों की टीम घूम-घूम कर विधि-व्यवस्था देखेगी
एसडीपीओ ने बताया कि इसके अलावा 100 जवान मोटर साइकिल से घूम-घूम कर निष्पक्ष चुनाव के लिए व्यवस्था बनाएंगे। कही भी गड़बड़ी की शिकायत पर तत्काल पूरे जवानों को भेजा जाएगा। सभी थाना में स्टैटिक फोर्स की अलग से व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा चुनाव आयोग के निर्देश के आलोक में हर मतदान केंद्रों पर पुलिस बलों की तैनाती की गई है। चार भवनों पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इस प्रकार कुल 38 सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।


