नवगछिया: जी.बी. कॉलेज में पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। परीक्षा कक्ष के अंदर एक छात्रा द्वारा रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के बाद कॉलेज प्रशासन ने परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया था। अब इस फैसले के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की नवगछिया नगर इकाई ने कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पुनर्विचार की मांग की है।


नवगछिया न्यूज़ WhatsApp Group

एबीवीपी का कहना है कि यदि जांच में छात्रा, परीक्षा ड्यूटी में तैनात किसी कर्मी या वीडियो वायरल करने वाले यूट्यूब चैनल की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है, तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। लेकिन एक व्यक्ति की कथित गलती के कारण हजारों छात्रों की परीक्षा रद्द करना उचित नहीं है।

विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने महीनों की तैयारी के बाद परीक्षा दी थी। अब दोबारा परीक्षा आयोजित होने से उन्हें मानसिक तनाव के साथ-साथ आर्थिक और शैक्षणिक नुकसान भी झेलना पड़ेगा। एबीवीपी के नगर मंत्री शुभम कुमार ने कहा कि निर्दोष छात्रों को इस मामले में दंडित करना न्यायसंगत नहीं है और कॉलेज प्रशासन को अपने फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए।

वहीं, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को बताया कि पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा एक सप्ताह के भीतर दोबारा आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि नई परीक्षा तिथि तय करने और आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है। कॉलेज प्रशासन जल्द ही परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम जारी करेगा।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....