नवगछिया । खरीक प्रखंड के खैरपुर में सोमवार की देर रात जदयू के प्रखंड अध्यक्ष सह खैरपुर के सरपंच प्रतिनिधि पप्पू कुमार यादव को उनके आवास पर बदमाशों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बदमाशों ने हत्या की नीयत से अंधाधुंध छह गोलियां चलाईं। जिसमें जदयू नेता को तीन गोलियां जांघ, कमर और पंजरे में लगी है। बेहोशी की हालत में गंभीर रूप से घायल पप्पू को परिजनों ने भागलपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। अस्पताल में चिकित्सकों ने शरीर से तीनों गोली निकाल दी है। जदयू नेता की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी छोटू यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद का बताया जा रहा है। गिरफ्तार बदमाश से पूछताछ की जा रही है।

जमीन विवाद के कारण हुआ जानलेवा हमला

बताया जा रहा है कि जमीन विवाद के कारण जदयू नेता पर जानलेवा हमला हुआ। इसके पूर्व बकरी को लेकर भी विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही खरीक थानाध्यक्ष सूबेदार पासवान दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी छोटू यादव को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार अपराधियों ने उस वक्त घटना को अंजाम दिया, जिस वक्त पप्पू रोज की भांति सोमवार की देर रात अपने घर पहुंचे। उन्होंने जैसे ही दरवाजे पर गाड़ी खड़ी कर घर में प्रवेश करने लगे तभी घर के अंदर पूर्व से घात लगाये बदमाशों ने उनपर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। मामले को लेकर घायल पप्पू की बेटी ट्विंकल कुमारी ने थाने में मामला दर्ज कराया है। जिसमें पड़ोस के ही छोटू यादव सहित उसके पिता पंकज यादव, भाई मनीष यादव एवं मां साधना देवी पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है।

रिश्ते में चचेरा भाई है हमलावर

बताया जाता है कि आरोपी पंकज घायल पप्पू का परिवार में ही रिश्ते का चचेरा भाई है। दोनों पक्षों के बीच पूर्व से जमीन विवाद चल रहा है। वहीं पप्पू की बेटी ट्विंकल ने नवगछिया एसपी एवं स्थानीय पुलिस से सभी आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। मालूम हो कि पप्पू यादव की पत्नी पुष्पा देवी लगभग 17 वर्षों से खैरपुर पंचायत की सरपंच हैं। जबकि पप्पू कुमार यादव पिछले वर्ष तीसरी बार जदयू के प्रखंड अध्यक्ष बने हैं। इलाकाई राजनीति में पप्पू काफी लोकप्रिय हैं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *