नवगछिया। मंगलवार को बिहार पुलिस दिवस के मौके पर गोपालपुर के तीनटंगा करारी स्थित पंचायत सरकार भवन में नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज जन-सहभागिता बाइक रैली के तहत पहुंचे। इस अवसर पर गांव की छात्राओं ने स्वागत गान से कार्यक्रम की शुरुआत की। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने मंच संचालन किया।
Total Downloads: 323
एसपी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार पुलिस सप्ताह के दौरान पुलिस के अधिकारी व जवान बाइक रैली के माध्यम से आपके द्वार पहुंचे हैं। पुलिस से आमलोगों की अपेक्षा क्या है, इसे आप लोगों को बताना है। एसपी ने बताया कि वर्त्तमान समय में फेसबुक, मेल, व्हाट्सएप व सोशल मीडिया के माध्यम से की गयी शिकायत पर भी त्वरित कार्रवाई की जायेगी।
उन्होंने बताया कि 27 फरवरी को नवगछिया में साइबर थाना का शुभारंभ किया जा रहा है। इससे साइबर क्राइम से बचाव एवं राहत होगा। एसपी ने बताया कि हम जिले के सभी गांवों में एक न एक दिन जाकर पुलिस दिवस में भाग लेंगे। जिससे स्थानीय स्तर पर हो रहे अपराध की घटना पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। इस मौके पर थाना के सभी पुलिस अधिकारी एवं अन्य लोग उपस्थित थे।

