बिहपुर। प्रखंड के विद्यालयों में मध्याह्न भोजन को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। मध्याह्न भोजन में कही कीड़ा निकल रहा है तो कहीं खट्टा खाना परोसा जा रहा है। जिससे बच्चों के परिजन आक्रोशित हैं।
Total Downloads: 79
आठ अप्रैल से पका पकाया मध्याह्न भोजन एनजीओ के द्वारा बच्चों को दिया जा रहा है। इसके बाद से ही भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। गुरुवार को मध्य विद्यालय सहोड़ी में जब मध्याह्न भोजन परोसा गया तो दाल व सब्जी खट्टा महक रहा था। बच्चों ने इसकी शिकायत प्रभारी प्रधानाध्यापक मिथुन कुमार व अपने परिजनों से की। जानकारी पर परिजन पप्पू यादव, किशोर मंडल, फुलेश्वर पंडित, घोलटी यादव, धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य लोग पहुंच कर हंगामा करने लगे। परिजनों ने कहा घटिया खाने बच्चे बीमार होंगे तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी। वहीं प्रभारी प्रधानाध्यापक मिथुन कुमार ने बताया चार केन भोजन आया था। सब्जी खट्टा था।
इसकी जानकारी एमडीएम प्रभारी राजिक अली और एनजीओ संचालक को दी गई है। वहीं रसोइया रंजू देवी, सुनीता देवी, ननकी देवी, डोमनी देवी ने बताया कभी चोखा में पिल्लू तो खाने में कीड़ा निकलता है। विद्यालय में बताया गया की बुधवार को खाने में कीड़ा मिला था। परिजनों को अपने बच्चों की स्वास्थ्य की चिंता सता रही है। वहीं भाजयुमो जिलाध्यक्ष रुपेश कुमार रूप ने बताया भोजन गुणवत्ता पूर्ण नहीं है। बच्चों के स्वास्थ्य के खिलवाड़ किया जा रहा है। हमलोग इसकी शिकायत करेंगे। अगर जल्दी व्यस्था ठीक नही हुई तो धरना प्रदर्शन करेंगे।

गौरीपुर में मध्याह्न भोजन में निकला था कीड़ा, नन्हकार में खट्टा खाने से बच्चों ने किया था इनकार: उल्लेखनीय है कि पांच दिन पूर्व शनिवार को बिहपुर प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय गौरीपुर में मध्याह्न भोजन में कीड़ा निकला था। वहीं शनिवार को ही प्राथमिक विद्यालय नन्हकार जयरामपुर में भोजन खट्टा होने पर बच्चों ने खाने से इनकार कर दिया। इसके बाद बच्चों के परिजनों ने विद्यालय पहुंचकर आक्रोश जताया था और इसकी शिकायत प्रभारी प्रधानाध्यापक से की थी।
