नवगछिया । नवगछिया के कचहरी परिसर स्थित खाली पड़े कोषागार भवन में मद्य निषेद थाना खुल गया है। बीते दिनों भागलपुर मद्य निषेद और उत्पाद विभाग के अधीक्षक संजय कुमार और नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी उत्तम कुमार ने खाली पड़े कोषागार के भवन का निरीक्षण कर उक्त निर्णय लिया था। नवगछिया से कोषागार कार्यालय भागलपुर शिफ्ट होने के बाद उसी भवन में उत्पाद थाना खोला गया है। नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा मद्य निषेद थाने के लिए दो कमरों को आवंटित किया गया है। दोनों कमरों की साफ सफाई और रंग–रोगन किया गया।
Total Downloads: 79
मद्य निषेद थाना के निरंजन बने पहले थानाध्यक्ष :
मद्य निषेद और उत्पाद विभाग के पहले थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर निरंजन कुमार को बनाया गया है। उत्पाद थाने में एक इंस्पेक्टर, तीन एसआई और 40 होमगार्ड कार्य कर रहे हैं। यहां पर लोक सूचनाओं का निष्पादन दो घंटे के अंदर कर दिया जाएगा। एनएच पर भी त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था की गयी है। भवानीपुर थाना और रंगरा थाने के पास एनएच 31 पर दस–दस होमगार्ड जवानों की 24 घंटे तैनाती की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है। निरंजन कुमार ने कहा कि शराब की खरीब बिक्री बंद है, लेकिन अगर कहीं संभावना भी है तो हमलोग उसे समाप्त कर देंगे।
निरंजन कुमार ने बताया कि उत्पाद विभाग का विस्तृत भू–भाग था जिसके कारण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने में परेशानी आ रही थी। नवगछिया कचहरी परिसर में सृजित किये जा रहे थाने का क्षेत्र पूरा नवगछिया अनुमंडल रहेगा। उन्होंने कहा कि उम्मीद है आये दिन उत्पाद विभाग और ज्यादा प्रभावशाली तरीके से कार्य करेगा। निरंजन कुमार ने बताया कि मद्य निषेध थाना में कुछ काम बचा हुआ है। दो तीन दिन के अंदर थाना का उद्धाटन कर दिया जायेगा।

अनुमंडल पदाधिकारी उत्तम कुमार ने कहा कि अनुमंडल में उत्पाद थाना प्रभावी हो जाने के बाद शराबबंदी कानून को और ज्यादा सख्ती से लागू किया जा सकेगा। जिससे समाज को फायदा मिलेगा। उन्होंने आम लोगों से शराब से दूरी बना कर रहने की अपील की है।
