नवगछिया। नवगछिया में लगातार हुई बारिश से गोपालपुर प्रखंड मुख्यालय सहित गोपालपुर व रंगरा चौक प्रखंडों की बड़ी आबादी को प्रभावित करने वाले ब्राह्मोत्तर धार के पानी को रोकने हेतु गोपालपुर के अंचलाधिकारी राजकिशोर शर्मा की पहल पर सैदपुर सुकटिया बाजार सड़क पर महंथ बाबा स्थान के निकट पुलिया को बालू भरी बोरियों से फिलहाल बंद कर दिया गया है।
प्रखंड मुख्यालय जाने वाली सड़क पर हुए रेनकट को बालू भरी बोरियों से दुरुस्त करवाया जा रहा है। इस्माईलपुर-बिंद टोली के बीच स्थित विभिन्न स्परों पर पानी का काफी दवाब बना हुआ है। रंगरा चौक प्रखंड के ज्ञानी दास टोला की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। हालांकि नवगछिया बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अभियंताओं द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

