नवगछिया । उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय बगड़ी में शनिवार को शिक्षकों की नियुक्ति और विद्यालय की कुव्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने तालबंदी कर दी। एक भी शिक्षकों को विद्यालय में प्रवेश नहीं करने दिया। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापिका विभा कुमारी विश्वास ने मामले की जानकारी खरीक बीईओ को दी। इसके बाद बीईओ विद्यालय पहुंचे। जहां आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने बीईओ को ही विद्यालय में बंद कर दिया और जमकर सरकार एवं शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान करीब ढाई घंटे से अधिक समय तक बीईओ मो. अशफाक आलम अंसारी बंधक बने रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही बीडीओ राजीव रंजन कुमार, थानाध्यक्ष सूबेदार पासवान, प्रमुख शंकर प्रसाद यादव उर्फ दल्लु यादव, उप प्रमुख मजहरूल हक समेत अन्य पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि विद्यालय पहुंचे। आक्रोशित छात्र-छात्राओं को किसी तरह समझा-बुझाकर शांत किया और सभी छात्रों के साथ पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने बैठक की।
जिसमें सभी छात्र-छात्राओं ने मौजूद पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को बताया कि विद्यालय में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक की पढ़ाई होती है। किन्तु पढ़ाने के लिए मात्र दो शिक्षकों की तैनाती है। इसमें भी सामाजिक विज्ञान के शिक्षक की यहां से बदली कर दी गयी। वर्तमान में शिक्षक के नाम पर एक शिक्षक की तैनाती है। एचएम का प्रभार भी इसी विद्यालय परिसर स्थित मध्य विद्यालय के ही प्रभारी शिक्षिका को है।

मौजूद पदाधिकारियों ने आश्वासन देते हुए छात्रों को बताया कि जिस शिक्षक का यहां से तबादला हुआ है। उन्होंने अपनी इच्छा से करवाई है। इसलिए उनसे पुनः इस विद्यालय में आने के लिए बात की जाएगी। अगर वह आने के लिए तैयार नहीं होंगे तो उनकी जगह पर शीघ्र ही दूसरे शिक्षकों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा शौचालय, चाहरदीवारी समेत अन्य समस्याओं को भी दूर किया जाएगा। जिसके बाद सभी छात्र शांत हुए और विद्यालय से तालबंदी खत्म हुआ।

