नवगछिया : गंगा एवं कोशी नदियों के जलस्तर में वृद्धि हो रही है। रंगरा प्रखंड के कई पंचायतों में बाढ़ की समस्या विकराल होती जा रही है। प्रखंड के पश्चिमी हिस्से के तीन चार पंचायत कोसी नदी से जबकि पूर्वी हिस्से के तीन पंचायतें गंगा नदी के जलस्तर से प्रभावित हैं। एक सप्ताह पूर्व मदरौनी में बाढ़ का पानी घुस गया है। वहीं, चार दिन पूर्व सधुआ चापर पंचायत जलमग्न हो गया है। सधुआ के 400 परिवारों के लगभग 5000 की आबादी बाढ़ की चपेट में है।
Total Downloads: 337
सधुआ से बाजार तक कटारिया स्टेशन एवं प्रखंड मुख्यालय तक जाने वाली मुख्य सड़क पर लगभग 4 फीट पानी बह रहा है। इन सड़कों पर बाढ़ के पानी का बहाव तेज है। लोग अपनी जान हथेली पर रखकर बाढ़ प्रभावित परिवार आवागमन करने को मजबूर हैं। लोगों के आवागमन के लिए अब तक स्थानीय प्रशासन द्वारा नाव की व्यवस्था नहीं की गई है।
वहीं, बाढ़ प्रभावित परिवारों का घर बार के अलावा खाने-पीने की चीजें कपड़े एवं आवश्यक वस्तुएं डूब जाने से लोगों के सामने भोजन एवं पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है। जबकि पशुओं को समुचित चारा भी नहीं मिल पा रहा है। लोग अपने घरों से पलायन कर ऊंचे स्थानों पर शरण ले रहे हैं। वहीं, इस बाबत रंगरा सीओ आशीष कुमार ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित पंचायतों के सर्वेक्षण कराए जा रहे हैं। जल्द ही बाढ़ प्रभावित परिवारों को समुचित राहत व्यवस्था प्रदान की जाएगी।

