नवगछिया । परबत्ता थाना क्षेत्र के विक्रमशिला सेतु पर बुधवार को नवगछिया की ओर से जा रही बस ने गंगा स्नान के लिए बाइक से जा रहे मधेपुरा के एक दंपती को रौंद दिया। इस घटना में पत्नी की मौके पर मौत हो गयी जबकि पति घायल है। हादसे में महिला बस से कई मीटर दूर तक मोटरसाइकिल के साथ घिसटती चली गयी स्थानीय लोगों के सहयोग से महिला को बस के नीचे से निकाला गया। बाइक के बस में फंसे रहने के कारण विक्रमशिला सेतु पर जाम लग गया। जाम की सूचना पर परबत्ता थाना अध्यक्ष योगेश कुमार टीओपी प्रभारी अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और मृत महिला एवं घायल पति को तत्काल अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। वहां महिला का पोस्टमार्टम हुआ एवं घायल पति को प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर रेफर कर दिया गया।
मधेपुरा जिला के हनुमान नगर चौक निवासी संजय यादव अपनी पत्नी ललिता देवी के साथ गंगा स्नान के लिए घर से निकले थे। राघोपुर में उनको गंगा स्नान करना था लेकिन राघोपुर की जानकारी नहीं रहने के कारण वह विक्रमशिला सेतु से बरारी की ओर जाने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रही बस ने उनको रौंद दिया। घटना में ललिता देवी की मौके पर मौत हो गयी वहीं संजय यादव का मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है। परबत्ता थानांध्यक्ष योगेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। बस को जप्त कर लिया गया है।
मृतक की बेटी की सास की भी सड़क दुर्घटना हुई थी मौत
परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले मृतक ललिता देवी की बेटी सोनी देवी की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी थी। वही सोनी देवी की सास महा देवी की भी मुरलीगंज के समीप गंगा स्नान कर लौटने के दौरान सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी थी। उसी का श्राद्ध कर्म खत्म कर वह गंगा स्नान करने यहां आई हुई थी। मृतका के दामाद बृजेश यादव ने बताया कि लगातार दो दुर्घटना हो जाने से परिवार में लोग बदहवास हैं। घर में परिजनों का रो-रोकर हर बुरा हाल है।


