नवगछिया । इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर मुस्लिम टोला में सोमवार शाम चार बजे अचानक आग लगने से दो घर जलकर राख हो गये। आग लगते ही अफरातफरी मच गई और ग्रामीणों द्वारा आग पर काबू पाने हेतु प्रयास शुरू कर दिया गया। फायर बिग्रेड को भी सूचना ग्रामीणों व स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा दी गयी। फायर बिग्रेड के पहुंचने से पूर्व ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था।
Total Downloads: 165
सड़क जीर्ण-शीर्ण रहने के कारण नवगछिया से फायर बिग्रेड की गाड़ी को आने में एक घंटे से अधिक का समय लग गया। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जीर्णोद्धार व प्रखंड मुख्यालय में फायर बिग्रेड की गाड़ी 24 घंटे उपलब्ध कराने के लिए फायर बिग्रेड की गाड़ी के आगे जमकर नारेबाजी कर विरोध जताया। ग्रामीणों ने बताया कि इस्माईलपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों में आगजनी की घटना होती रहती है।
पूर्व में भी बीडीओ से लेकर वरीय अधिकारियों के समक्ष फायर बिग्रेड की गाड़ी उपलब्ध कराने की मांग की गयी थी, लेकिन सिर्फ कोरा आश्वासन ही मिला। ग्रामीणों का कहना था कि आग लगने से सबकुछ बर्बाद होने के बाद भी पीड़ित परिवारों को सरकार द्वारा घोषित अनुग्रह राशि भी नहीं मिलती है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क व फायर बिग्रेड सहित अन्य मांगों के लिये जल्द ही आंदोलन किया जायेगा।

