भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर में गुरुवार को एनएच-31 किनारे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर चाय-पान की दुकान में घुस गया। हादसे में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
Total Downloads: 132
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपालपुर थाना क्षेत्र के हरनाथचक निवासी भोगी सिंह के पुत्र प्रदीप कुमार सिंह भवानीपुर के पास एनएच-31 किनारे चाय-पान की दुकान चलाते हैं। गुरुवार को वह अपनी दुकान में मौजूद थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे उनकी दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रदीप कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों और परिजनों ने घायल को तत्काल अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
घटना के कारण कुछ समय के लिए एनएच-31 पर लोगों की भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात को सामान्य कराया। मामले की जांच जारी है।
