बिहपुर। विक्रमशिला सेतु पर 23 जून को आई तेज आंधी के दौरान शेड गिरने से हुई दुर्घटना में बिहपुर प्रखंड के सोनवर्षा निवासी विनय ईश्वर की मौत के मामले में राज्य के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक ई. शैलेंद्र ने संज्ञान लिया है।

मंत्री ने शुक्रवार को पथ निर्माण विभाग के सचिव को पत्र भेजकर पूरे मामले की तकनीकी जांच कराने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने मृतक के आश्रितों को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

मंत्री ने अपने निर्देश में कहा है कि हादसे के कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने यह भी कहा कि शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में हर संभव सरकारी सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, जिससे उन्हें तत्काल राहत मिल सके।

गौरतलब है कि 23 जून को तेज आंधी के दौरान विक्रमशिला सेतु पर शेड गिरने से सोनवर्षा निवासी विनय ईश्वर की मौत हो गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण गुणवत्ता को लेकर कई सवाल उठे थे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....