नवगछिया: बिहपुर थाना क्षेत्र के मिल्की गांव में घर बेचकर गांव छोड़ने का दबाव बनाने का विरोध करना एक महिला को भारी पड़ गया। आरोप है कि दबंगों ने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला का इलाज अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में चल रहा है।

घायल महिला की पहचान रोशन खातून के रूप में हुई है। उनके पति मोहम्मद साबिर ने बताया कि गांव के मोहम्मद कादिर, जन्नत खातून, मोहम्मद गुलाम और नसीमा खातून लगातार उन पर मकान बेचकर गांव छोड़ने का दबाव बना रहे थे। आरोपियों का कहना था कि घर बेचकर पैसे लेकर कहीं और चले जाएं।

पीड़ित परिवार के अनुसार, जब रोशन खातून ने घर बेचने से साफ इनकार कर दिया तो शुक्रवार को सभी आरोपित उनके घर पहुंच गए। वहां गाली-गलौज शुरू कर दी गई और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें बुरी तरह पीटा गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपित वहां से फरार हो गए।

मारपीट में घायल रोशन खातून को परिजनों ने तुरंत अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपित लगातार उन्हें धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में बिहपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि अभी तक मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलते ही पुलिस पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

deneme bonusu