बिहपुर बस स्टैंड के पास चलती एसी बस में लगी भीषण आग, जलकर खाक हुई बस
बिहपुर। झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहपुर बस स्टैंड स्थित एनएच-31 पर गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2:15 बजे एक लग्जरी एसी बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धू कर जलने लगी।
Total Downloads: 192
राहत की बात यह रही कि घटना के समय बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था। बस में केवल दो चालक राज और राहुल सवार थे। दोनों ने टायर की ओर से आग की लपटें उठती देख तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया और सुरक्षित बाहर निकल गए।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और दमकल टीम
घटना की जानकारी मिलते ही यातायात पुलिस और झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आग की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया और बिहपुर से दमकल वाहनों को बुलाया गया।

दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान कुछ समय के लिए एनएच-31 पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन बाद में पुलिस ने परिचालन को सामान्य करा दिया।
शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि पूरी बस जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन, दमकल कर्मियों और आसपास मौजूद लोगों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
