पटना के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत, अज्ञात के खिलाफ पहले से दर्ज है प्राथमिकी
Total Downloads: 83
नवगछिया: नवगछिया आदर्श थाना क्षेत्र के पकड़ा पंचायत वार्ड संख्या-3 में शादी समारोह के दौरान हुई कथित हर्ष फायरिंग में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान हिमांशु कुमार के रूप में हुई है। मंगलवार देर शाम पटना स्थित मेदांता अस्पताल में उपचार के दौरान उसने अंतिम सांस ली।
जानकारी के अनुसार, सात जुलाई को आयोजित एक शादी समारोह के दौरान कथित हर्ष फायरिंग में हिमांशु कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद उसे पहले नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर उसे पटना के मेदांता अस्पताल भेजा गया, लेकिन करीब 25 दिनों तक चले इलाज के बावजूद डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

बताया जा रहा है कि हिमांशु अपने परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
आदर्श थाना के थानाध्यक्ष रविशंकर ने बताया कि बुधवार को पीएमसीएच में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि घायल के फर्द बयान के आधार पर अज्ञात के खिलाफ पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हर्ष फायरिंग की इस घटना ने एक बार फिर शादी और अन्य समारोहों में हथियारों के प्रदर्शन और फायरिंग की गंभीरता को उजागर कर दिया है।
