रविवार सुबह एक बार फिर से नाथनगर नगर निगम वार्ड छह का इलाका सिलाटर बाल बाल गर्म होने से बच गया। घटना सुबह साढ़े चार बजे की बताई जा रही है। नाथनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना पर सिलाटर निवासी प्रत्यक्षदर्शी संतोष कुमार खटीक ने बताया कि सुबह करीब साढ़े चार बजे वे अपने घर के बाहर टहलने के लिए निकल रहे थे तभी अचानक मोहल्ले के मो इस्माइल को सिलाटर स्थित धार्मिक स्थल से अष्टधातु की प्रतिमा चोरी कर भागते देखा शोर हंगामा करने के बाद मोहल्ले के तीन चार लोग और घर से बाहर आ गए और उसे खदेड़ने लगे।

खदेड़ने के क्रम में वह प्रतिमा को सड़क पर फेंक कर भागने में कामयाब हो गया। काली की प्रतिमा तीन खंड में टूट गयी। जिसे हमलोगों ने सड़क से उठाया और मंदिर के पास लेकर रखा। यह घटना मोहल्ले में आग की तरह फैल गयी सभी आरोपी मो इस्माइल को मारपीट करने के लिए ढूढने लगे। स्थानीय वार्ड पार्षद को मोहल्ले के लोगों ने खबर की इसके बाद स्थानीय नाथनगर पुलिस इंस्पेक्टर दल बल के साथ धार्मिक स्थल के पास पहुंचे और आरोपी इस्माइल की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी।

पुलिस ने इस्माइल के घर जाकर इस्माइल के पिता मो मंजूर और बड़े भाई मो सिकंदर को हिरासत में ले लिया। घटना के तीन घंटे के बाद शांति समिति के सदस्य डा अनबारुल हक जो सिलाटर के ही रहने वाले है उसके सहयोग से मो इस्माइल को गिरफ्तार कर लिया। मामले पर सीटी डीएसपी राजवंश सिंह ने बताया कि खटीक टोला निवासी संतोष खटीक के बयान पर आरोपी इस्माइल के विरुद्ध धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाना, मूर्ति चोरी, मूर्ति नष्ट करने, समाज मे अशांति फैलाने का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को जेल भेजा जाएगा। पिता व बड़े बेटे को पूछताछ कर बाद में छोड़ दिया जाएगा।

मूर्ति लाने सीओ जाएंगे बनारस

प्रतिमा खंडित होने की घटना की सूचना पर भागलपुर एसएसपी आशीष भारती, सदर एसडीओ आशीष नारायण, दंगा नियंत्रण वाहन सहित लोदीपुर, तातारपुर, विश्वविद्यालय, औद्योगिक बरारी क्षेत्र, मधुसूदनपुर, ललमटिया तमाम थानों की पुलिस भी धार्मिक स्थल के पास पहुंच गई चंद मिनटों में पूरा सिलाटर का इलाका पुलिस क्षावनी में तब्दील हो गया। एसडीओ, डीएसपी ने तमाम स्थानीय प्रबुद्ध लोगों के साथ शांति सद्भाव को बनाये रखने के लिए बैठक की। बैठक में लोगों ने अधिकारियों से कहा कि बार बार इस तरह का उपद्रव फैलाने की कोशिश एक पक्ष के लोगों के द्वारा किया जा रहा इसे अब बर्दाश्त नही किया जाएगा।

प्रशासन को इसपर रोक लागाने की जरूरत है सिर्फ बैठक करने से इसका समाधान नही निकलेगा। लोगों ने खंडित की गई प्रतिमा का दाम करीब 18 हजार के आसपास प्रशासन को बताया। एसडीओ आशीष नारायण ने नाथनगर सीओ सुशील कुमार को स्थानीय लोगों के साथ बनारस जाकर 25 हजार तक कि नई प्रतिमा को खरीद कर लाने का आदेश दिया। जिसके बाद आक्रोशित लोग शान्त हुए और अपने घर को गए। प्रतिमा लाने के लिए सीओ आज बनारस के लिए रवाना होंगे। खंडित प्रतिमा को स्थानीय लोगों के विचार से नाथनगर पुलिस को सौंप दिया गया।

महिलाओं ने प्रतिमा विदाई के क्रम में गीत गाकर मां की प्रतिमा को विदा किया

एसडीओ ने स्थानीय शांति समिति के सदस्यों के साथ घटना को लेकर बैठक की। बैठक में शांति समिति के सदस्यों में सार्वजनिक पूजा समिति अध्यक्ष पप्पू यादव, भवेश यादव, अशोक राय, नेजाहत अंसारी, देवाशीष बनर्जी, राजेश दास, अय्याज अली, जुम्मन अंसारी, नीलम देवी, दिलीप यादव, राजू महाराणा, पार्षद पंकज दास, गोलडन, प्रेम खटिक, ब्रह्मदेव मंडल के साथ बैठक कर जल्द से जल्द नई प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा पूजा अर्चना करवाकर इसे मंदिर में स्थापित कराने का भरोसा दिलाया। स्थानीय महिलाओं ने भी प्रतिमा की विदाई के क्रम गीत गाकर मां काली की प्रतिमा को विदा किया।

आरोपी ने कहा डा अनबारुल हक के कहने पर ऐसा किया

गिरफ्तार आरोपी मो इस्माइल ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि खटीक टोला निवासी डा अनबारुल हक के कहने पर उसने मूर्ति चोरी कि और उसे खंडित कर दिया। इसके लिए उसे डा अनबारुल ने पांच हजार रुपये और शराब भी पिलाया था। कहा था नाथनगर का माहौल मरते दम तक शांत नही होने देना है। और जब समाज के लोगों ने सुबह चार बजे ऐसा करते मुझे देख लिया तो डा अनबारुल ने ही नाथनगर पुलिस से उसे पकड़वा दिया। इस आरोप को बेबुनियाद बताते हुए डा अनबारुल हक ने बताया कि नाथनगर में अमन शांति के लिए हमेशा वे पुलिस का सहयोग करते आये है। इस्माइल को उसने हसनाबाद में छिपते देखा था।

पुलिस ने इस्माइल के बेकसूर बड़े भाई और पिता को हिरासत में ले लिया था। इसलिए उसने पुलिस को इस्माइल के हसनाबाद में छिपे होने की बात बताकर खुद भी साथ मे जाकर उसे गिरफ्तार करा दिया। मामले पर नाथनगर इंस्पेक्टर ने बताया कि डा अनबारुल हक शांति समिति के सबसे कर्मठ सदस्य है। इनके सहयोग से पूर्व में भी कई गंभीर उपद्रव जैसे मामले का निबटारा नाथनगर पुलिस ने किया है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *