12वीं बोर्ड की कॉपी वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए अब 7 जून तक कर सकेंगे आवेदन
नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 6 जून से बढ़ाकर 7 जून कर दी है। बोर्ड ने बताया कि छात्रों को अतिरिक्त समय देने और पोर्टल पर आई तकनीकी समस्याओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
Total Downloads: 47
CBSE ने 2 जून को पोस्ट-रिजल्ट सर्विसेज पोर्टल शुरू किया था। इसके बाद कई छात्रों ने उत्तरपुस्तिका देखने, अंकों के सत्यापन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन करते समय तकनीकी दिक्कतों की शिकायत की थी। इसी को ध्यान में रखते हुए आवेदन की समयसीमा एक दिन बढ़ा दी गई है।
बोर्ड ने यह भी खुलासा किया है कि पोर्टल शुरू होने के बाद उस पर लगातार साइबर हमले किए गए। इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है और दिल्ली पुलिस जांच में जुट गई है। बोर्ड के अनुसार, साइबर हमलों को समय रहते रोक दिया गया और किसी भी छात्र का डेटा लीक नहीं हुआ। आंकड़ों के मुताबिक 4 जून तक पोर्टल पर कुल 70,433 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 7,314 आवेदन अंकों के सत्यापन और 63,119 आवेदन री-इवैल्यूएशन के लिए किए गए हैं।

गौरतलब है कि इस वर्ष CBSE ने पहली बार 12वीं बोर्ड परीक्षा की कॉपियों की जांच के लिए ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली लागू की थी। रिजल्ट जारी होने के बाद कई छात्रों ने कम अंक मिलने और मूल्यांकन प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया और OSM सिस्टम को लेकर विवाद भी सामने आया।
