नवगछिया। जल संसाधन विभाग की मंगलवार सुबह छह बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र में गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में अलग-अलग रुझान देखने को मिले हैं। जहां इस्माईलपुर-बिंदटोली में गंगा का जलस्तर बढ़ा है, वहीं मदरौनी और जेबी चोरहर में कोसी नदी का जलस्तर घटा है। विभाग ने सभी संवेदनशील तटबंधों पर निगरानी बढ़ा दी है।

रिपोर्ट के अनुसार, इस्माईलपुर-बिंदटोली के स्पर संख्या-07 पर गंगा नदी का जलस्तर 29.54 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में 8 सेंटीमीटर अधिक है। हालांकि यह अभी भी चेतावनी स्तर 30.60 मीटर से 1.04 मीटर नीचे है। नदी का पानी तटबंध के टो (पाए) तक पहुंच गया है, जिसके चलते विभाग ने यहां विशेष निगरानी शुरू कर दी है। फिलहाल तटबंध पूरी तरह सुरक्षित बताया गया है।

वहीं मदरौनी में कोसी नदी का जलस्तर 29.30 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 2 सेंटीमीटर घटा है। यहां चेतावनी स्तर 30.48 मीटर और खतरे का स्तर 31.48 मीटर निर्धारित है। विभाग के अनुसार नदी का पानी अभी तटबंध के टो तक नहीं पहुंचा है और स्थिति सामान्य बनी हुई है।

जेबी चोरहर में कोसी नदी का जलस्तर 30.25 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 5 सेंटीमीटर कम हुआ है। यहां चेतावनी स्तर 30.77 मीटर तथा खतरे का स्तर 31.77 मीटर है। हालांकि बगजान जमींदारी तटबंध के कुछ हिस्सों में नदी का पानी तटबंध के टो को छू रहा है, लेकिन विभाग ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में और सुरक्षित बताया है।

जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गंगा और कोसी दोनों नदियों के जलस्तर की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। संवेदनशील तटबंधों पर अभियंताओं एवं कर्मियों को चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जलस्तर में किसी भी अप्रत्याशित बदलाव की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके। फिलहाल जिले में कहीं भी बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में कार्य कर रहा है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *