नवगछिया। श्रावणी मेला के दौरान महादेवपुर गंगा घाट पर स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नवगछिया यातायात पुलिस ने विस्तृत रूट प्लान जारी किया है। विभिन्न दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, जबकि घाट तक जाने वाले कुछ मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।
Total Downloads: 66
यातायात पुलिस के अनुसार, बिहपुर एवं तुलसीपुर की ओर से महादेवपुर गंगा घाट आने वाली बाइकों के लिए मध्य विद्यालय शंकरपुर (नन्हकार स्कूल) को पार्किंग स्थल बनाया गया है।
भागलपुर की ओर से आने वाली चारपहिया, तीनपहिया एवं बाइक वाहनों की पार्किंग विक्रमशिला सेतु के पूरब तटबंध तथा तटबंध के नीचे निर्धारित की गई है।

वहीं जीरोमाइल नवगछिया 14 नंबर रोड से घाट की ओर आने वाले चारपहिया, तीनपहिया एवं बाइक वाहनों के लिए जह्नावी चौक टीओपी के पूरब स्थित चिमनी भट्ठा को पार्किंग स्थल बनाया गया है। इसके अलावा रिजर्व पार्किंग की व्यवस्था जह्नावी चौक टीओपी के पश्चिम स्थित सब्जी मंडी में की गई है।
जीरोमाइल नवगछिया से एनएच-31 के रास्ते घाट पहुंचने वाले वाहनों की पार्किंग एनएच-31 किनारे स्थित चिमनी भट्ठा में होगी।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शंकरपुर नन्हकार से घाट तक, जह्नावी चौक से घाट तक, लाइन होटल से घाट तक तथा महादेवपुर घाट तीनमुहानी बजरंगबली मंदिर से लाइन होटल की ओर जाने वाली पीसीसी सड़क पर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इन मार्गों पर श्रद्धालुओं को केवल पैदल ही आवागमन की अनुमति होगी।
नवगछिया यातायात थानाध्यक्ष सुजीत कुमार वारसी ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की यातायात संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित रूट प्लान का पालन करने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
