रेलयात्रियों को भागलपुर से राजस्थान जाने के लिए अक्टूबर से एक और ट्रेन की सुविधा मिल जाएगी। रेलवे बोर्ड ने डिवीजन के लंबित प्रस्ताव को मंजूर करते हुए तीनसुकिया (ब्रह्मपुत्र मेल) का मार्ग विस्तार दिल्ली से बढ़ाकर जोधपुर तक करने का फैसला किया है। रेलवे बोर्ड के ट्रैफिक मेंबर जमशेद अशरफ ने प्रस्ताव को मंजूरी दी। अभी राजस्थान के लिए सिर्फ वीकली भागलपुर-अजमेर सुपर फास्ट एक्सप्रेस ही थी।
रेवाड़ी और जयपुर होते हुए जोधपुर जाएगी
अधिकारियों ने बताया कि अक्टूबर से ब्रह्मपुत्र मेल जोधपुर तक जाएगी। ट्रेन भागलपुर से जोधपुर का करीब 1838 किमी का सफर रेवाड़ी और जयपुर होते हुए पूरा करेगी। इससे भागलपुर के अलावा सुल्तानगंज, मुंगेर और लखीसराय जिले के यात्री को राहत होगी। अभी भागलपुर जंक्शन से जयपुर और जोधपुर के लिए एक भी ट्रेन नहीं थी। यहां के हजारों छात्र-छात्राएं जयपुर में पढ़ाई करती हैं और व्यापारिक क्षेत्र होने के कारण व्यवसायियों और छात्रों को पटना या किऊल जाकर ट्रेन पकड़ना पड़ता था।

जोधपुर से सुबह 11:15 बजे खुलेगी
ब्रह्मपुत्र मेल दिल्ली से जोधपुर के लिए सुबह 7:05 बजे खुलेगी और शाम 5:55 बजे जोधपुर पहुंचेगी। इसी तरह भागलपुर आने के लिए जोधपुर से 11:15 बजे सुबह खुलेगी और रात 10:10 बजे दिल्ली आएगी। दिल्ली से भागलपुर के बीच आने के लिए पुराने समय रात 11:40 बजे ही खुलेगी।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली से जोधपुर तक ब्रह्मपुत्र मेल की बोगियां लिंक एक्सप्रेस बनकर जाएंगी। दिल्ली से जोधपुर के बीच चलने वाली ट्रेन में इसकी बोगियां जोड़ी जाएंगी। रेलवे ने इस दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। ब्रह्मपुत्र मेल उत्तर रेलवे की ट्रेन है। ट्रेन के विस्तार का प्रस्ताव भेजा गया था। इस पर सहमति मिल गई है। अक्टूबर तक विस्तारित रूट पर ट्रेन चलेगी। सितंबर के पहले पखवारे में तिथि की घोषणा की जाएगी।


