भागलपुर/बांका: सौतेली बेटी के प्रेम विवाह से आहत एक महिला ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान बांका जिले के कोहिंडा गांव निवासी 45 वर्षीय रीना देवी के रूप में हुई है।
बेटी के घर छोड़ने के बाद से थी परेशान
मृतका के पति मोहन ने बताया कि वर्ष 2002 में उनकी पहली पत्नी की प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद उन्होंने रीना देवी से दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से उनकी एक बेटी पूजा कुमारी (19) है, जो स्नातक की छात्रा है।
परिजनों के अनुसार, 29 मई को पूजा अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी और दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था। इस घटना के बाद से रीना देवी काफी तनाव में रहने लगी थीं।

बेटी से बात करने की कर रही थी कोशिश
मोहन ने बताया कि वह अपनी पत्नी को लगातार समझा रहे थे कि बेटी ने अपनी मर्जी से शादी कर ली है, इसलिए अब इस विषय को लेकर ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है। इसके बावजूद रीना देवी बेटी से संपर्क करने की कोशिश कर रही थीं।
काफी प्रयास के बाद जब पूजा से बात हुई तो रीना देवी ने उसे फोन पर कहा कि उन्होंने बचपन से उसे पाल-पोसकर बड़ा किया, लेकिन उसने परिवार की इच्छा के खिलाफ शादी कर ली। आरोप है कि बातचीत के दौरान बेटी ने कुछ ऐसी बातें कहीं, जिससे रीना देवी गहरे आहत हो गईं।
बातचीत के बाद उठाया आत्मघाती कदम
परिजनों के मुताबिक, फोन पर हुई बातचीत के बाद रीना देवी ने जहर खा लिया। उनकी हालत बिगड़ने पर पहले अमरपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

