नवगछिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के रतनगंज सुकटिया बाजार में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अज्ञात अपराधियों ने एक महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर खेत में फेंक दिया। घायल महिला की पहचान जीवन की पत्नी मुंगिया देवी के रूप में हुई है। इलाज के दौरान मायागंज अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों और परिजनों ने मुंगिया देवी को लहूलुहान अवस्था में खेत से बरामद कर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर पहुंचाया। वहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुधांशु कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों के बीच हत्या को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद और दूसरी शादी को लेकर आपसी रंजिश इस वारदात की वजह हो सकती है। हालांकि, परिजनों ने घटना के पीछे किसी कारण की जानकारी होने से इनकार किया है।

घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....