नवगछिया/भागलपुर: नवगछिया रेलवे स्टेशन आने वाले दिनों में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक नई सौगात मिलने जा रही है। पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल द्वारा आयोजित ई-नीलामी प्रक्रिया में नवगछिया स्टेशन के बाहर स्थित एनएफआर (नॉन-फेयर रेवेन्यू) स्टॉल का सफलतापूर्वक आवंटन कर दिया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नवगछिया स्टेशन के बाहर नए स्टॉल शुरू होने से यात्रियों को खान-पान, दैनिक उपयोग की वस्तुओं तथा अन्य आवश्यक सामानों की सुविधा आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। इससे स्टेशन परिसर के आसपास यात्रियों की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
सोनपुर मंडल ने यह आवंटन पूरी तरह ऑनलाइन ई-नीलामी के माध्यम से किया है। इस प्रक्रिया में नवगछिया के साथ बरौनी और दलसिंहसराय स्टेशनों के बाहर स्थित स्टॉलों का भी आवंटन किया गया। नवगछिया स्टेशन के लिए आवंटित स्टॉल का लाइसेंस तीन वर्षों के लिए दिया गया है।

रेलवे का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य एक ओर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, वहीं दूसरी ओर गैर-किराया राजस्व (एनएफआर) में वृद्धि करना भी है। नए स्टॉल शुरू होने से यात्रियों को स्टेशन के बाहर आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस ई-नीलामी से रेलवे को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा, जिससे भविष्य में यात्री सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति मिलेगी। नवगछिया जैसे महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन पर नई सुविधाओं की शुरुआत से स्थानीय यात्रियों और आम लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

