भागलपुर। पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने सोमवार को खरीक प्रखंड के काजीकोरैया में लोगों को संबोधित करते हुए भागलपुर के सांसद अजय मंडल पर निशाना साधा। मंत्री ने अपने संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किया है।
Total Downloads: 268
मंत्री ने सांसद को संबोधित करते हुए कहा कि वे चेत जाएं, नहीं तो आने वाला समय बहुत गड़बड़ होने वाला है। उन्होंने कहा कि चुनाव में अभी करीब दो साल का समय है और जनता सब कुछ देख रही है। मंत्री ने बाढ़ के दौरान सांसद की क्षेत्र में मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाया।
बेली ब्रिज के मुद्दे पर भी उठाए सवाल

मंत्री ने बेली ब्रिज के निर्माण को लेकर सांसद अजय मंडल की ओर से उठाए गए सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अजय मंडल एनडीए के सांसद हैं और यदि किसी निर्माण कार्य में उन्हें समस्या नजर आती है तो उन्हें सरकार के स्तर पर अपनी बात रखनी चाहिए।
मंत्री ने आरोप लगाया कि सरकार के समक्ष समस्या रखने के बजाय बेली ब्रिज को लेकर घोटाले जैसे आरोप मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से लगाए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राज्य में अपनी ही सरकार है तो किसी समस्या का समाधान सरकार के स्तर पर क्यों नहीं तलाशा जा रहा है।
राजनीतिक सफर का जिक्र कर मंत्री ने साधा निशाना
ई. कुमार शैलेंद्र ने अजय मंडल के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि एनडीए ने उन्हें तीन बार विधायक और दो बार सांसद बनाया है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाने से पहले सरकार के स्तर पर बातचीत की जानी चाहिए।
मंत्री ने निर्माण कार्यों को मजबूत करने के लिए तकनीकी उपायों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पहले शीट पाइलिंग और इसके बाद बांध को मजबूती देने के लिए आरसीसी दीवार बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है।
चुनावी वोटिंग पैटर्न का भी किया जिक्र
मंत्री ने अपने संबोधन में पिछले चुनाव के वोटिंग पैटर्न पर भी सवाल उठाया। उन्होंने एक प्रत्याशी को करीब 61 हजार वोट मिलने का उल्लेख करते हुए कहा कि वह प्रत्याशी चुनाव के दौरान क्षेत्र में सक्रिय नहीं थीं और लोगों के सुख-दुख में भी शामिल नहीं हुईं।
मंत्री ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को बिहपुर की पूर्व प्रत्याशी अर्पणा कुमारी से जोड़कर देखा जा रहा है। मंत्री ने कहा कि जो लोग क्षेत्र में काम करते हैं और जनता के बीच रहते हैं, उन्हें और क्षेत्र में सक्रिय नहीं रहने वालों को एक ही नजर से देखना उचित नहीं है।
उन्होंने लोगों से जातीय राजनीति से ऊपर उठकर काम के आधार पर जनप्रतिनिधि चुनने की अपील की। मंत्री ने कहा कि जनता को यह देखना चाहिए कि कौन उनके लिए काम करता है और कौन केवल चुनाव के समय क्षेत्र में दिखाई देता है।
