नारायणपुर में नाबालिगों पर चोरी के आरोप, साइकिल ले जाते 12 वर्षीय बच्चे को लोगों ने पकड़ा

नारायणपुर। प्रखंड के मधुरापुर और बलहा बाजार में चोरी की घटनाओं को लेकर दुकानदारों और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ रही है। मंगलवार सुबह शिवाजी चौक स्थित गणेश पूजा पंडाल के पास साइकिल चोरी का मामला सामने आया। स्थानीय लोगों ने साइकिल ले जाते एक 12 वर्षीय बच्चे को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9 बजे एक युवक ने पूजा पंडाल के पास अपनी साइकिल खड़ी की और दर्शन करने चला गया। कुछ देर बाद बाहर निकला तो साइकिल गायब थी। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि एक बच्चा साइकिल लेकर अपने घर की ओर जा रहा है।

इसके बाद युवक ने स्थानीय लोगों की मदद से श्रीकृष्ण विवाह भवन के पास बच्चे को पकड़ लिया। पूछताछ में बच्चे ने बताया कि वह पूजा पंडाल के पास गांजा पी रहा था। इसी दौरान उसका एक साथी आया और उसे साइकिल लेकर चलने को कहा। बच्चे के अनुसार, उसने साइकिल अपने साथी की समझकर उसे ले लिया। इसी दौरान लोगों ने उसे पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से भाग गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पकड़ा गया बच्चा पास के ही मोहल्ले का रहने वाला है। ग्रामीणों ने बाद में उसे डायल-112 पुलिस टीम के हवाले कर दिया।

मधुरापुर और बलहा बाजार के दुकानदार भी परेशान

इधर, मधुरापुर और बलहा बाजार के कुछ दुकानदारों ने आरोप लगाया कि बाजार में नाबालिग बच्चों के एक समूह की गतिविधियों से वे परेशान हैं। दुकानदारों का कहना है कि बच्चे दुकानों के आसपास घूमते रहते हैं और मौका मिलते ही सामान लेकर भागने की कोशिश करते हैं।

स्थानीय युवकों का आरोप है कि कुछ बच्चे स्कूल जाने के बजाय दिनभर बाजार में घूमते हैं और कथित तौर पर नशीले पदार्थों या गोंद का सेवन करते हैं। उनका कहना है कि नशे की कथित लत पूरी करने के लिए बच्चे चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस तरह की गतिविधियों में 8 से 12 वर्ष की उम्र के कुछ बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। उनका कहना है कि कई बच्चों के माता-पिता मजदूरी के लिए सुबह घर से निकल जाते हैं और शाम को लौटते हैं। इस दौरान बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी नहीं रह पाती।

पुलिस कार्रवाई को लेकर भी उठे सवाल

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि चोरी की शिकायत पुलिस से किए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाती है। हालांकि, भवानीपुर थाना अध्यक्ष शंभू कुमार ने मामले की जानकारी होने से इनकार करते हुए कहा कि वह बैठक में हैं और थाने में मौजूद इंचार्ज से बात की जाए। वहीं, अतिरिक्त प्रभारी जंगलेश्वर कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ बताया गया।

नाबालिगों से जुड़े इस मामले में उनके पुनर्वास, नशे से बचाव और अभिभावकों की निगरानी के साथ-साथ बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी स्थानीय स्तर पर चिंता जताई जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *