नवगछिया के हरिमहाराज ठाकुरबाड़ी रोड स्थित समाजसेवी श्रीधर शर्मा की बेटी ख्वाहिश शर्मा ने जर्मनी में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर नवगछिया और पूरे देश का नाम रोशन किया है। एलिमिनेशन राउंड में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उन्होंने फाइनल में जगह बनाई और फाइनल में भी दमदार प्रदर्शन कर भारतीय खिलाड़ियों में अपने इवेंट में प्रथम स्थान हासिल किया।
हालांकि इस बार ख्वाहिश भारत के लिए पदक जीतने से चूक गईं, लेकिन भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले तीन खिलाड़ियों में उन्होंने सबसे बेहतर प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी इस उपलब्धि पर नवगछिया सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
ख्वाहिश शर्मा, नवगछिया के समाजसेवी श्रीधर शर्मा की पुत्री एवं स्वर्गीय मदन शर्मा की पौत्री हैं। परिवार ने इस सफलता का श्रेय भगवान श्री बालाजी महाराज की कृपा, माता-पिता, गुरुजनों और सभी शुभचिंतकों के आशीर्वाद को दिया है। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसी स्नेह और सहयोग की बदौलत ख्वाहिश लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

गौरतलब है कि वर्ष 2026 में ख्वाहिश शर्मा ने एशियन चैंपियनशिप, वर्ल्ड कप और वर्ल्ड चैंपियनशिप जैसे तीन बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे नवगछिया के लिए गर्व का विषय है।
परिजनों ने विश्वास जताया कि यह तो ख्वाहिश की सफलता की शुरुआत है। आने वाले समय में वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए पदक जीतकर देश और नवगछिया का नाम विश्व स्तर पर और अधिक गौरवान्वित करेंगी। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

