नवगछिया: तिनटंगा करारी–कहलगांव गंगा घाट पर संचालित फेरी सेवा इन दिनों निर्धारित समय सारिणी के अनुसार नहीं चलने से यात्रियों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नियमित रूप से आवागमन करने वाले लोगों ने प्रशासन से फेरी सेवा को समयबद्ध तरीके से संचालित कराने की मांग की है।

यात्रियों का कहना है कि फेरी के समय पर नहीं पहुंचने के कारण उन्हें घाट पर काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। इसका सबसे अधिक असर सरकारी एवं निजी संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों पर पड़ रहा है, जो समय पर अपने कार्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं।

वहीं, कहलगांव रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों की भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। फेरी सेवा में देरी होने के कारण कई यात्री समय पर गंगा पार नहीं कर पाते, जिससे उनकी ट्रेनें छूट जाती हैं और उन्हें आर्थिक व मानसिक परेशानी झेलनी पड़ती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तिनटंगा करारी–कहलगांव फेरी सेवा इस इलाके के हजारों लोगों के लिए जीवनरेखा है। प्रतिदिन नौकरीपेशा कर्मचारी, विद्यार्थी, मरीज और अन्य यात्री इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं। ऐसे में फेरी सेवा का निर्धारित समय के अनुसार संचालन बेहद जरूरी है।

इस मामले में गोपालपुर के अंचलाधिकारी रौशन कुमार ने बताया कि फेरी सेवा के संचालक को निर्धारित समय सारिणी का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को समय पर और सुचारु फेरी सेवा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *