जहानाबाद की रहने वाली नवविवाहिता पति को धोखा देकर शनिवार रात ट्रेन से उतरकर प्रेमी के साथ फरार हो गई। पत्नी की तलाश में रविवार को पति अकबरनगर पहुंचा। अकबरनगर में पत्नी की दिनभर खोजबीन की लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। आखिरकार निराश होकर पति पटना लौट गया। पति ने आशंका जताई है कि पत्नी का शादी से पहले से किसी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। संभव है उसी के साथ चली गई होगी। मामले में अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है।
Total Downloads: 119
नवविवाहिता के पति ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि मेरी शादी चार मई को जहानाबाद की लड़की से हुई थी। शादी के बाद हमदोनों पति-पत्नी पटना के अनिसाबाद में किराये के एक मकान में रहते थे। इसी बीच पत्नी के आग्रह पर उसे घुमाने दार्जिलिंग जा रहा था। शनिवार को हमदोनों पटना से इंटरसिटी ट्रेन से भागलपुर जा रहे थे। इसी बीच रात करीब नौ बजे के बाद ट्रेन में मुझे नींद आ गई और पत्नी अपना मोबाइल मेरे पास छोड़ कर पानी लेने के बहाने अकबरनगर स्टेशन पर उतर गई।

ट्रेन जब अकबरनगर स्टेशन से खुली तो पत्नी गायब मिली। कुछ देर तक इंतजार करने के बाद भी पत्नी के नहीं लौटने पर बोगी में खोजबीन की तो नहीं मिली। इसके बाद पत्नी के मोबाइल पर जब संपर्क किया तो मोबाइल बैग में मिला। इसके बाद पति को शक होने लगा। ट्रेन भागलपुर पहुंची तो वहां भी काफी खोजबीन की।

पति को लगा कि कहीं पानी लेने के दौरान अकबरनगर में ही छूट गई होगी। पति रातभर भागलपुर स्टेशन पर पत्नी के आने का इंतजार करता रहा। रविवार सुबह अकबरनगर पहुंचकर नवविवाहिता की खोजबीन की। लेकिन पता नहीं चला। इसके बाद पति ने घटना की जानकारी पत्नी के परिजनों को भी दी। बताया गया कि घटना की मौखिक जानकारी जीआरपी भागलपुर को भी दी गई तो पुलिस ने खोजबीन करने की बात कहकर अकबरनगर भेज दिया। पति ने बताया कि लड़की के घर जहानाबाद जा रहे हैं। पत्नी के परिजनों को लेकर भागलपुर पुन: आयेंगे। इसके बाद मामला दर्ज कराएंगे।

