नवगछिया : पीएम आवास और वृद्धा पेंशन दिलाने का झांसा देकर बुजुर्ग से ₹1 लाख की ठगी

खरीक/नवगछिया। प्रधानमंत्री आवास योजना और वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिलाने का झांसा देकर एक बुजुर्ग से एक लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित ने नवगछिया साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पीड़ित गुजो साह ने अपने आवेदन में बताया कि मधेपुरा जिले के आलमनगर निवासी जितेंद्र कुमार ने पीएम आवास और वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ दिलाने का भरोसा देकर उनका और उनकी पत्नी का बायोमेट्रिक अंगूठे का निशान लिया था। बाद में जब उन्होंने अपना बैंक खाता अपडेट कराया तो पता चला कि खाते से एक लाख रुपये की निकासी हो चुकी है।

मामले की जांच के दौरान नवगछिया साइबर थाना पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी जितेंद्र साह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक बायोमेट्रिक मशीन, दो बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

नवगछिया के एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने इस तरह की ठगी की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....