नवगछिया : रंगरा थाना क्षेत्र के मदरोनी पावर ग्रिड के समीप सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। निर्माण कार्य के दौरान 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल मजदूर की पहचान सधवा गांव निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद रहमत, पिता मोहम्मद मकसूद, के रूप में हुई है।
Total Downloads: 137
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे मोहम्मद रहमत मदरोनी पावर ग्रिड के पास बन रहे एक मकान में मजदूरी कर रहे थे। इसी दौरान वह बांस लेकर एक स्थान से दूसरे स्थान पर जा रहे थे। तभी बांस ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गया।
तार के संपर्क में आते ही तेज धमाके के साथ करंट प्रवाहित हुआ, जिससे रहमत गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ काम कर रहे मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया।

अस्पताल में चिकित्सक डॉ. पिंकेश ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि घायल की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है और उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईटेंशन बिजली तारों के नीचे निर्माण कार्य करना हमेशा जोखिम भरा होता है। यदि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया जाए तो इस तरह की दुर्घटनाएं कभी भी हो सकती हैं। लोगों ने बिजली विभाग और निर्माण एजेंसियों से ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
