नवगछिया: रंगरा थाना की गश्ती टीम पर ट्रक चालक से अवैध वसूली करने के आरोप के बाद पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर एक पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा तीन गृहरक्षकों को छह माह तक ड्यूटी से वंचित कर दिया गया है, जबकि एक संविदा चालक की सेवा समाप्त कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक सुरेंद्र यादव ने 15 जून को शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि 14 जून की रात करीब 11:30 बजे रंगरा थाना की गश्ती टीम ने उनसे जबरन 18 हजार रुपये की वसूली की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए थे।

जांच की जिम्मेदारी नवगछिया के अंचल निरीक्षक को सौंपी गई थी। प्रारंभिक जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद गश्ती दल में शामिल पुलिस अवर निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार को निलंबित कर दिया गया। वहीं गृहरक्षक अंजनी कुमार चौधरी, मिथुन कुमार सिंह और रंजीत कुमार राय को छह माह के लिए ड्यूटी से वंचित कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त संविदा चालक सौरभ कुमार की सेवा भी समाप्त कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने कहा कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और अनुशासनहीनता के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

एसपी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। यदि जांच के दौरान अन्य पुलिसकर्मियों की संलिप्तता या अतिरिक्त साक्ष्य सामने आते हैं, तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वहीं यह मामला पुलिस जवाबदेही, पारदर्शिता और विभागीय अनुशासन को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....