नवगछिया: परबत्ता थाना क्षेत्र के गैरिया चौक के समीप रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घायलों को सहायता पहुंचाने का प्रयास शुरू किया गया।

सूचना मिलने पर परबत्ता थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेजा गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया।

घायलों की पहचान खरीक निवासी जंगल यादव, पिता सुधीर प्रसाद यादव, तथा गैरिया निवासी बिल्टू यादव (45 वर्ष), पिता पूनाय यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बिल्टू यादव की हालत अधिक गंभीर बनी हुई है, जिसके कारण उन्हें तत्काल मायागंज अस्पताल भेजा गया। वहीं दूसरे घायल को भी प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....