नवगछिया : आइसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के ग्रुप बी के गुरुवार को हुए मैच में श्रीलंका ने बड़ा उलटफेर करते हुए भारत को 7 विकेट से मात दे दी। इससे पहले इसी ग्रुप में पाकिस्तान की टीम ने दक्षिण अफ्रीका की टीम को हरा दिया था। इन दोनों उलटफेर ने ग्रुप बी के साथ ही आइसीसी चैंपियंस ट्रॉफी को ही रोमांचक बना दिया है। अब ग्रुप में शामिल चारों टीमों- भारत, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और पाकिस्तान के 2-2 अंक हैं।

भारत बनाम अफ्रीका: करो या मरो

ग्रुप बी में अब चारों टीमों के बीच होने वाले दो मैच बचे हैं। रविवार को भारतीय टीम आइसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर एक पर काबिज साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी, वहीं सोमवार को पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने होंगी। अब चारों टीमों के लिए ये दोनों मैच क्वार्टरफाइनल बन चुके हैं। इन मैचों में जो भी दो टीमें जीत हासिल करेंगी, वे ही आगे जाएंगी।

भारत ने लीग स्टेज में अब तक एक मैच जीता है और एक में उसे हार मिली है। दक्षिण अफ्रीका का भी यही हाल है। अब इन दोनों टीमों को रविवार को आपस में मैच खेलना है। भारत साउथ अफ्रीका को हरा देता है तो उसका अंतिम चार में पहुंचना लगभग तय हो जाएगा। वहीं अगर भारत हार जाता है तो चैंपियंस ट्रोफी 2017 में उसका सफर समाप्त हो जाएगा।

पाक बनाम श्रीलंका: सेमीफाइनल की लड़ाई

वहीं, ग्रुप बी में सोमवार को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाले मैच को लेकर भी रोमांच बना हुआ है। इन दोनों टीमों ने अपना पहला मैच हारने के बाद अपने से कहीं मजबूत टीमों को मात दी है। ऐसे में इन दोनों टीमों के हौसले बुलंद होंगे। दोनों टीमों को पता है कि जीतने पर ही उन्हें सेमीफाइनल का टिकट मिलेगा। इसलिए दोनों पड़ोसी टीमें मैच जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगी।

देखने को मिलेंगे रोमांचक मैच

क्रिकेट प्रेमी उम्मीद कर सकते हैं कि भारत-दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका-पाकिस्तान के बीच होने वले मैच काफी रोमांचक होंगे। ग्रुप ए में इंग्लैंड की टीम दो मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। इस ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया दो अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है, लेकिन उसे सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए इंग्लैंड के खिलाफ मैच जीतना ही होगा। अगर कंगारू टीम यह मैच हार गई और न्यूजीलैंड (एक अंक) ने बांग्लादेश को हरा दिया, जोकि ज्यादा आसान है तो वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी।

बारिश से फायदे में भारत?

वहीं, अगर भारत और दक्षिण अफ्रीका के मैच में बारिश होती है तो यह स्थिति और भी मजेदार हो सकती है। बारिश से खेल रद्द होने पर दोनों टीमों के तीन-तीन अंक हो जाएंगे और इसके बाद बेहतर रन रेट वाली टीम ही अंतिम चार में जाएगी। पाकिस्तान और श्रीलंका का मैच भी बारिश से धुल जाता है तो उनके साथ भी यही होगा। फिलहाल ग्रुप बी में भारत का रन रेट सबसे अच्छा है और दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका की टीम है। हालांकि सभी टीमों का रन रेट अगले मैच में बदल सकता है।

टॉस भी रहेगा अहम

अगर बारिश मैच को छोटा कर देती है तो टॉस जीतने वाली टीम के लिए मैच जीतना कुछ आसान हो जाएगा। टॉस जीतने वाली टीम अपनी रणनीति के हिसाब से गेंदबाजी या बल्लेबाजी चुन सकती है। जैसे भारत और श्रीलंका के बीच मैच में हुआ था कि भारत के कप्तान विराट कोहली और श्रीलंका के कप्तान एंजेलो मैथ्यूज दोनों ओवल की पिच पर लक्ष्य का पीछा करना चाहते थे, लेकिन टॉस जीतने वाले कप्तान को यह मौका मिला और उन्होंने अपनी टीम को जीत दिला दी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *