केन्द्र सरकार ने भागलपुर में गंगा नदी पर नया सेतु बनाने के लिए भागलपुर से नवगछिया के बीच राज्य सरकार की सड़क को नेशनल हाईवे घोषित कर दिया है। इससे भागलपुर में राज्य सरकार द्वारा घोषित विक्रमशिला पुल के समानांतर चार लेन वाले नये सेतु का खर्च अब केन्द्र सरकार ही वहन करेगी। केन्द्र ने सेतु निर्माण की सैद्धांतिक सहमति दे दी है। इस सेतु पर 1700 करोड़ की लागत का अनुमान लगाया गया है।
Total Downloads: 63
राज्य सरकार के उपक्रम बिहार राज्य पुल निर्माण निगम ने इस सेतु योजना का डीपीआर बनाया है जिसे सीएम नीतीश कुमार की पहल पर स्वीकृति के लिए केन्द्र को भेजा गया था। पूर्वी बिहार के लिए महत्वपूर्ण इस सेतु योजना के पूरा होने के लिए 52 एकड़ निजी भूमि की अर्जन की जरुरत है, जो राज्य सरकार करेगी। इस पुल के बन जाने से भागलपुर शहर में आवागमन सुगम होने के साथ-साथ उत्तर बिहार से झारखंड और कोलकाता आने -जाने में सहुलियत होगी। इस इलाके में पहले से ही नवगछिया से उत्तर दिशा में कोसी नदी पर विजयघाट में राज्य सरकार द्वारा 4 लेन पुल का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। वहीं विहपुर से वीरपुर एनएच- 106 में भी फुलौत के पास कोसी नदी पर 4 लेन पुल निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है।


पूर्वी और सीमांचल बिहार के विकास का मार्ग प्रशस्त
पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि केन्द्र के इस निर्णय से पूर्वी और सीमांचल बिहार के विकास का मार्ग प्रशस्त हो गया है। हाल ही केन्द्रीय सड़क एवं जहाजरानी मंत्री नीतीन गडकरी के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने विक्रमशीला पुल के समानांतर चार लेन वाले इस नये सेतु को शीघ्र स्वीकृत करने का अनुरोध किया था। साथ ही भागलपुर से नवगछिया के बीच 15 किमी पथ को राष्ट्रीय उच्च पथ के रूप में घोषित करने की अनुशंसा की थी।

