नवगछिया। विक्रमशिला सेतु के पहुंच पथ पर तेतरी के पास मंगलवार देर रात अपराधियों ने एक ट्रक चालक से 5 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने चालक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
घायल चालक की पहचान पूर्वी चंपारण निवासी चंद्रेश कुमार के रूप में हुई है। चालक ने पुलिस को बताया कि वह सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर पेशाब करने के लिए उतरा था, तभी दो अपराधी वहां पहुंचे और चाकू दिखाकर 5 हजार रुपये लूट लिए। जब उसने विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।

चालक के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर बढ़ने लगे, जिसके बाद दोनों अपराधी वहां से फरार हो गए।
इस संबंध में नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

