आचार संहिता का उल्लंघन होने पर सौ मिनट में जांच कर कार्रवाई की जाएगी। कोई भी व्यक्ति आचार संहिता के उल्लंघन की जानकारी सी विजिल एप पर दे सकते हैं। उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी ने बताया कि सी C-VIGIL APP से आचार संहिता के उल्लंघन की निगरानी की जाएगी। एप से उड़नदस्ता दल के अलावा बीडीओ, सीओ, सेक्टर मजिस्ट्रेट और सहायक निर्वाचन पदाधिकारी को जोड़ा जाएगा।
सभी विधानसभा क्षेत्र में तीन-तीन उड़नदस्ता दल बनाया गया है। मोबाइल एप पर आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित फोटो और वीडियो अपलोड करना होगा। एप पर शिकायत मिलने पर पांच मिनट के अंदर शिकायत को संबंधित पदाधिकारी को फारवर्ड किया जाएगा। पदाधिकारी 45 मिनट में शिकायत की जांच कर रिपोर्ट देंगे। 50 मिनट के अंदर सहायक निर्वाची पदाधिकारी जांच रिपोर्ट को स्वीकृत या अस्वीकृत करेंगे। स्वीकृत करने पर आचार संहिता के उल्लंघन की कार्रवाई की जाएगी।

शनिवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एचआर श्रीनिवासन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी दिव्यांग मतदाताओं को वाहनों से मतदान केन्द्र पर लाने और पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। पैर से दिव्यांग मतदाताओं को मतदान करने के लिए ट्रायसाइिकल से बूथ के अंदर ले जाया जाएगा। संबंधित बूथों पर ट्रायसाइकिल की व्यवस्था होनी चाहिए। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिले में 11131 दिव्यांग मतदाताओं की पहचान की गयी है। इसमें 6762 मतदाता पैर से दिव्यांग हैं।
21111 कर्मियों के डाटा इंट्री का काम पूरा हो चुका है। मतदान के पहले सभी को मतदाता पर्ची दी जाएगी। लेकिन उसके साथ फोटो पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज ले जाना होगा। विशेष अभियान में 17765 आवेदन प्राप्त हुए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पांच मार्च तक आवेदनों की जांच कर निबटारा करने का निर्देश दिया है। जिले में 2102 मतदान केन्द्र हैं। उसमें से 18 केन्द्र के भवन को स्थानांतरित करने का प्रस्ताव भेजा गया है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में डीएम प्रणव कुमार, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।


